पिथौरागढ़। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित धारचूला पहुंचे। उन्होंने ग्राम रांथी ( खोतिला ) में आपदा प्रभावितों से भेंट और आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐलधार का ट्रीटमेंट वरुणावत की तर्ज पर किया जाएगा। लधारा के ट्रीटमेंट के लिए आईआईटी या वाडिया इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञों से सर्वेक्षण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया हवाई निरीक्षण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम धारचूला पहुंचे और ग्राम रांथी (खोतिला ) के आपदा प्रभावितों से मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा से हुए पूरे नुकसान का आंकलन कर रही है। आपदा पीड़ितों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से देहरादून के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान सांसद अजय टम्टा, धारचूला विधायक हरीश धामी, डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, ब्लाक प्रमुख धन सिंह धामी, एसडीएम नंदन कुमार, एसडीएम डीडीहाट अनुराग आर्य समेत तमाम अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौजूद थे।

सीएम को देखकर रो पड़ी महिलाएं

धारचूला। धारचूला में आपदा प्रभावितों से मुलाकात के दौरान एक आपदा प्रभावित महिला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने जमीन पर बैठकर रो पड़ी। महिला को मुख्यमंत्री सहित अन्य लोगों ने फर्श से उठाकर बेंच पर बिठाया और जो भी समस्याएं हैं उनका निराकरण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह समस्याओं के समाधान के लिए ही यहां आए हैं। समस्या बताने के दौरान अन्य कई महिलाओं की भी सीएम के सामने आंखें छलक आईं।