पिथौरागढ़। महिला से धोखाधड़ी व मानसिक उत्पीड़न के मामले में महिला के पति और उसके दो भाईयों को पुलिस ने नोटिस दिया है।

16.09.2023 को पीड़ित महिला ने पुलिस कार्यालय पिथौरागढ़ में तहरीर दी गई थी कि, उनकी शादी को लगभग 13 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। शादी के एक वर्ष बाद ही उनके पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध स्थापित होने के कारण उसको प्रताड़ित कर मानसिक रुप से परेशान किया जाने लगा। वादिनी के पति व ससुराल पक्ष द्वारा पति की गलती माफ करने के लिए बार-बार दबाव डाला गया ।

इसके बाद में वादिनी के पति द्वारा जमीन लेने की बात कहकर वादिनी से 20 लाख रुपये का लोन करवा लिया और जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम पर कर ली। इसमें वादिनी के पति का छोटा भाई भी शामिल था। वादिनी के पति व उसके छोटे भाई ने कूटनीति से जमीन अपने नाम करवा ली। अब इसका रुपया वादिनी के वेतन से कटता है। इसके बाद वादिनी के पति द्वारा तलाक के लिए वादिनी पर दबाव बनाया गया तथा तलाक न देने पर बर्बाद करने की धमकी दी गई।

वादिनी के पति के बड़े भाई ने भी कूटनीति कर वादिनी से दो लाख पचपन हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिये। इसके बाद पैसा वापस न देकर बदतमीजी की गई तथा धमकी दी गई। वादिनी की सास व उसके बेटों द्वारा वादिनी को बार-बार धमकाया जा रहा है। वादिनी की तहरीर के आधार पर पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, अभियुक्त अरविन्द कुमार व उसके परिजनों के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा- 420/498-A/406/504/506 भा0द0वि0 के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

इसकी विवेचना महिला एसआई मीनाक्षी मनराल, थाना जाजरदेवल द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बुधवार को महिला के पति सहित तीनो आरोपियों को हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के जाजरदेवल थाना बुलाकर नोटिस दिया। सभी को समय पर न्यायालय और पुलिस के समक्ष प्रस्तुत होने की हिदायत दी है।