पिथौरागढ़। वर्ष 2022 में मृत घोषित हो चुके दो हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपी के खिलाफ दो लाख 75 हजार रुपये का गबन के मामले में मुकदमा दर्ज है। वह पिछले 15 सालों से फरार चल रहा था। वर्ष 2009 में उस पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार सात वर्ष से लापता होने के कारण उसे मृत घो​षित कर दिया गया था। आरोपी नेपाल में रह रहा था।
14 अप्रैल 2008 काे गांधी चौक निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी कि दिनेश चंद्र पुनेठा निवासी पुनेड़ी महर कोतवाली पिथौरागढ़ ने उनके साथ दो लाख 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। तहरीर के आधार पर धारा- 409 में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी फरार हो गया। 24 मार्च 2009 को पिथौरागढ़ पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 21 अप्रैल 2009 को आरोपी को फरार घोषित किया गया था। पिथौरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए बार-बार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। 10 मार्च 2022 को न्यायालय के आदेश से के बाद उसे मृत घोषित किया था। उसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बन चुका था। पुलिस के अनुसार दिनेश चंद्र नेपाल में रह रहा था और उसने वहां शादी भी कर ली थी। कई साल बाद वह जब पिथौरागढ़ आया तो पुलिस को सूचना मिलते ही उसे चिमस्यानौला से गिरफ्तार कर लिया।