पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस ने एक गरीब और अनाथ बेटी को गोद लेकर उसकी शादी कराकर ससुराल विदा किया। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की है।

रिजर्व पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में कार्यरत प्रतिसार निरीक्षक नरेश चन्द्र जखमोला को पुष्पा नाम की एक लड़की मिली, जिसके द्वारा बताया गया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह किसी काम की तलाश में है। प्रतिसार निरीक्षक द्वारा उक्त लड़की को गोद लेने की पहल की गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ को बताया गया। एसपी रेखा यादव एवं सीओ परवेज अली के मार्गदर्शन में प्रतिसार निरीक्षक द्वारा उक्त लड़की की शादी कराने हेतु रिश्ता ढूंढा गया तथा थल निवासी विपिन नामक युवक से उसका रिश्ता तय किया गया। समस्त जनपद पुलिस बल द्वारा बिटिया की शादी के लिएआर्थिक सहयोग दिया गया तथा उसे पिथौरागढ़ पुलिस की बेटी नाम देते हुए सोमवार को पुलिस लाइन के गौरी हॉल सभागार में पूर्ण रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से उसकी शादी करवाते हुए उसे ससुराल हेतु विदा किया गया। बिटिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे भविष्य में भी हर सम्भव मदद प्रदान करने का पूर्ण आश्वासन दिया गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने इस कार्य में अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिसार निरीक्षक सहित समस्त जनपद पुलिस बल को बधाई दी है।