पिथौरागढ़। सेना के ऑपरेशन शौर्य साइकिलिंग अभियान के तहत शनिवार को ब्रिगेडियर एसपीएस चौहान ने सैन्य क्षेत्र में जीआर यूनिट के 11 जवानों की साइकिल एक्सपीडिशन (Cycle Expedition ) टीम को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।
इस अभियान का मकसद रास्ते पर आने वाले स्थानों पर सभी पूर्व सैनिकों वीर नारियों के साथ भेंट वार्ता करते हुए उनकी समस्याओं को जानना साथ ही साथ इस सीमांत जनपद में पर्यटन को भी बढ़ावा देना है। यह अभियान जनपद पिथौरागढ़ से उधम सिंह नगर तक की जाएगी। मार्ग में पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं से मिलकर, वार्ता करते हुए उनके सुझाव लिए जाएंगे।
इस कार्यक्रम के आरंभ के अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन को सेना मुख्यालय की ओर से विशेष तौर से आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों द्वारा साइकिलिंग अभियान को शुभकामनाओं के साथ सफल अभियान के लिए भेजा। पूर्व सैनिकों के संगठित भाव और पूर्व सैनिक संगठन की कमांडर द्वारा बेहद सराहना की गई तथा जल्द ही पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर इसी प्रकार के अभियान को आयोजित करने हेतु सुझाव दिया गया। इस अवसर पर सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन के संयोजक सूबेदार मेजर देव सिंह भाटिया सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।