हल्द्वानी। उत्तराखंड के पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य में बहुत तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में 2023 तक हर घर में नल और जल होगा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 4 हजार करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता के आर्शीवाद से 2022 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है।
भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजना जब शुरू हुई तब प्रदेश में केवल 8.5 प्रतिशत कनेक्शन थे। आज पूरे राज्य में 60 प्रतिशत पेयजल कनेक्शन दिये जा चुके हैं। पूरे प्रदेश में 15 लाख कनेक्शन हो गए हैं। 2023 तक हर घर को नल से जोड़ दिया जाएगा और लोगों को साफ पीने का पानी देंगे। इसके अलावा हर परिवार को सीवर लाइन से जुडेंगे और कोई भी परिवार ऐसा नहीं होगा जो सीवर लाइन से जुड़ा नहीं होगा। उन्होंने कहा हर ग्राम सभा में हमने पांच महिलाओं का चयन किया है और उन्हें पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए टेस्टिंग किट दी है। अगर पानी की गुणवत्ता सही नहीं हुई तो उसकी गुणवत्ता सुधारी जाएगी। हर व्यक्ति को प्रतिदिन 55 लीटर पानी मिलेगा। उन्होंने बताया सिटी वाटर प्लांट का प्लान अपलोड कर दिया गया है। शहरो में नमामि गंगे के तहत प्रतिदिन 155 लीटर पानी मिलेगा। हमने नमामि गंगे के तहत प्रदेश की अन्य नदियों के संरक्षण व अविरल बहने के लिए काम शुरू कर दिया है। रुद्रपुर में दो नदियों में काम शुरू हो गया है। नदियों में जहां भी मोक्ष धाम है वहां पर स्नान घर बनाने की डीपीआर बनाने के निर्देश दिये जा चुके है। इसके अलावा आल वेदर रोड पर जो काम हुआ उससे लोगों का काफी समय बच रहा है। पिथौरागढ़ से देहरादून अब 9.5 घंटे ही लगता है। पिथौरागढ़ व हरिद्वार मेडिकल कालेज डबल इंजन सरकार का ही कमाल है। अब स्वास्थ्य बजट 800 करोड़ से 3000 करोड़ कर दिया है। चुफाल ने कहा कि विजय संकल्प में यात्रा में जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। इससे स्पष्ट हो गया है कि जनता ने फिर से भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने का मन बना लिया है। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, सुरेश तिवारी, गजराज बिष्ट, रवि कुरिया आदि मौजूद रहे।