पिथौरागढ़। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज दिल्ली बैंड और आसपास के स्लाइड ज़ोनों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी ने स्पायर जियो कंपनी को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ड्रोन का उपयोग करते हुए मलबे के ऊपरी हिस्से की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। इसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्लाइड ज़ोनों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रि में भी भूस्खलन की सटीक जानकारी प्राप्त हो सके और कार्यों में तेजी लाई जा सके।यातायात एवं निगरानी व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि स्लाइड ज़ोनों के आसपास बैरियर लगाए जाएँ तथा पीआरडी, होमगार्ड एवं पुलिस कर्मियों की रोटेशन ड्यूटी लगाई जाए। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और यात्रियों को असुविधा नहीं होगी। यात्रियों की सुरक्षा हेतु जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को ग्यारह देवी और ऐंचोली के आसपास अस्थायी रूप से रोका जाए और रुकने की उचित व्यवस्था की जाए तथा सड़क खुलने की सूचना प्राप्त होने पर ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।