पिथौरागढ़ 10 फरवरी, 2026 सूचना।“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद पिथौरागढ़ की 64 न्याय पंचायतों में दिनांक 17 दिसंबर, 2025 से 12 फरवरी, 2026 तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 10 फरवरी, 2026 को न्याय पंचायत काण्डे, विकास खण्ड सभागार बेरीनाग, विकास खण्ड बेरीनाग में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता श्री आशीष कुमार भटगांई, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ द्वारा की गई।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि से संबंधित आवेदन भरवाए गए।शिविर के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, ऑंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, पंचायत घर निर्माण, जंगली जानवरों के आतंक, जल जीवन मिशन के अंतर्गत घटिया नलों की जांच, खेल मैदान एवं संपर्क मार्गों की खस्ताहाली, नगरपालिका डम्पिंग जोन से हो रही समस्याओं सहित विभिन्न विषयों को रखा गया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डांगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा बेरीनाग, चौकोडी, उडियारी, देवीनगर, पौषा, शाहगराऊं, हलियाजोब, जगथली सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को प्रस्तुत किया गया।जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिविर में लगभग 510 व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा 682 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 178 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष 14 शिकायतों को संबंधित विभागों को यथोचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।शिविर में मा० विधायक गंगोलीहाट श्री फकीर राम टम्टा, दर्जा राज्य मंत्री श्री नारायण राम आर्य, ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग श्रीमती संगीता चन्याल सहित 34 जनप्रतिनिधियों एवं 82 अधिकारी/कार्मिकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर एसडीएम खुशबू पांडे, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, तहसीलदार वतन गुप्ता, एसडीओ आयुष चंद, खंड विकास अधिकारी बसंत पांडे, बाल विकास परियोजना अधिकारी अवी अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।शिविर के समापन पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की गई कि न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिविर में स्वयं उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का अधिकतम निस्तारण सुनिश्चित करें।

