पिथौरागढ़।द स्कॉलर्स एकेडमी विद्यालय तथा घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त सहयोग से श्रीमद्भागवत महापुराण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रोड से प्रारंभ होकर रेई गुफा मंदिर तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह धार्मिक कथा 10 तारीख से 18 तारीख तक लगातार नौ दिनों तक आयोजित होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संस्कार एवं संस्कृति से जोड़ना, उन्हें सनातन परंपराओं से अवगत कराना तथा समाज को एकजुट करना है।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सामाजिक समरसता को बल मिलता है। कलश यात्रा के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा तथा लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
द स्कॉलर्स एकेडमी एवं घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनें और कथा श्रवण का लाभ प्राप्त करें।

