पिथौरागढ़ । नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आशीष कुमार, कमांडेंट, 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ के निर्देशन तथा डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्साधिकारी (एस.जी.) की देखरेख में सीमा चौकी क्वितड़ के कार्यक्षेत्र में स्थित जीवंत ग्राम क्वितड़ में नागरिक कल्याण के अनुक्रम में एक नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।

चिकित्सा शिविर के दौरान 55वीं वाहिनी के चिकित्सक डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्साधिकारी (एस.जी.) द्वारा सीमांत क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। शिविर में कुल 75 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, जिनमें 35 पुरुष, 28 महिलाएं और 12 बच्चे सम्मिलित थे।

यह चिकित्सा शिविर केवल रोगों की पहचान एवं उपचार तक सीमित न रहकर एक समग्र जनजागरूकता कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का महत्व, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

सशस्त्र सीमा बल, भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप, सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने तथा सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर इस प्रकार के जनहितकारी, कल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।