चंपावत। चंपावत जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर नघान गांव में गुलदार ने एक महिला को मार डाला।
सोमवार को दिन में एक बजे नघान निवासी चूड़ामणि जोशी की पत्नी चंचला देवी  23 वर्ष कुछ अन्य महिलाओं के साथ चारा पत्ती लेने गांव में लगभग तीन किमी दूर जंगल में गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने चंचला देवी पर हमला कर दिया और घसीटता हुआ कुछ दूर तक ले गया। साथ में गई महिला नंदी देवी जान बचाकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को जानकारी दी। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद रेंजर हेम चंद्र के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। रात आठ बजे महिला के शव को गांव लाया गया। मृतका के आठ और छह साल के दो बच्चे हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इधर पिथौरागढ़ जिले के भी कई गांवों में तेंदुए का आतंक बना हुआ है। कनालीछीना तहसील के गुड़ौली गांव में तेंदुआ लगातार आबादी में घूम रहा है। सोमवार को भी तेंदुआ शाम ढलते ही गुड़ौली गांव के घरों के आसपास घूमने लगा। इससे लोगों में दहशत है। ग्राम प्रधान जगदीश चंद्र पांडेय ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी अनहोनी हो सकती है।