पिथौरागढ़। न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड, नैनीताल का दिनांक 01 मई 2026 से 03 मई 2026 तक जनपद पिथौरागढ़ का आधिकारिक भ्रमण प्रस्तावित है। उनके भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में विभिन्न न्यायिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय मुख्य न्यायाधीश 01 मई 2026 को नैनीताल से प्रस्थान कर अल्मोड़ा होते हुए पिथौरागढ़ पहुंचेंगे। मार्ग में चितई गोलू देवता मंदिर एवं जागेश्वर धाम में दर्शन करेंगे। सायंकाल पिथौरागढ़ पहुंचकर सेवा रात्रिभोज कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा रात्रि विश्राम पिथौरागढ़ में ही करेंगे।
दिनांक 02 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे जिला बार एसोसिएशन, पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में प्रतिभाग करेंगे। तत्पश्चात 01:30 बजे न्यायिक कर्मचारियों हेतु नव-निर्मित आवासीय भवन का उद्घाटन करेंगे। अपराह्न 04:00 बजे जिला कारागार, पिथौरागढ़ में विधिक सहायता क्लिनिक का उद्घाटन करेंगे। दिनांक 03 मई 2026 को मुख्य न्यायाधीश पिथौरागढ़ से प्रस्थान कर अल्मोड़ा मार्ग होते हुए नैनीताल लौटेंगे। जिला प्रशासन द्वारा माननीय मुख्य न्यायाधीश के भ्रमण को दृष्टिगत रखते हुए समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षा, यातायात, आवास, स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि भ्रमण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
