शारदा नदी में डूबे दो युवकों में से एक का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के किया सुपुर्द।टनकपुर (चम्पावत)। 22 जून को बूम क्षेत्र में शारदा नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए दो युवकों में से एक का शव बरामद हो गया है

। लगातार चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान के दौरान गुरुवार को तरुण सक्सेना पुत्र बाबूराम सक्सेना (20 वर्ष), निवासी वर्मा लाइन वार्ड नंबर-3, टनकपुर का शव शारदा घाट टनकपुर के ठीक सामने नेपाल की ओर नदी किनारे मिला। सूचना मिलते ही पुलिस एवं संबंधित टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गौरतलब है कि 22 जून को बूम क्षेत्र में शारदा नदी में नहाने के दौरान दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए थे। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य बचाव दलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। एक युवक का शव मिलने से जहां परिजनों को गहरा आघात पहुंचा है, वहीं दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है तथा बड़ी संख्या में लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।