पिथौरागढ़। गंगोलीहाट में कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है।गंगोलीहाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र के रावलखेत गांव निवासी 52 वर्षीय हीरा सिंह पुत्र प्रेम सिंह का परिवार खटीमा में रहता है। दो दिन पूर्व हीरा सिंह पूजा के लिए अपने मूल गांव आए थे। पूजा के बाद वह वाहन संख्या यूके 05टीए 2037 से बिरगोली गांव को निकले। दौलाबलिया से कुछ आगे सिरतोला बैंड के पास अचानक वाहन असंतुलित होकर लगभग 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क में जा गिरा। वाहन गिरते ही हीरा सिंह वाहन से कूद गए और उनका सिर पत्थर में टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी ले जाया जा रहा था लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।वाहन में सवार संदीप सिंह पुत्र हीरा सिंह उम्र 20 वर्ष, रमेश सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी जौरासी डीडीहाट उम्र 52 वर्ष, चालक संजय सिंह पुत्र भोपाल सिंह निवासी खुलेत उम्र 32 वर्ष और जगदीश सिंह पुत्र कालू सिंह उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी बिरगोली को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर एसआई दिनेश बिष्ट कांस्टेबल नीरज चंद, होमगार्ड विशन राम ने सीएचसी पहुंचकर शव का पंचायत नामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है।