गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं को कमरे में बंद कर छेड़छाड़ व अशोभनीय हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए गंगोलीहाट पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोलीहाट निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली गंगोलीहाट में दी गई तहरीर में बताया कि एक स्थानीय युवक ने उनकी 10 वर्षीय पुत्री तथा 12 वर्षीय भतीजी को जबरन अपने कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद अभियुक्त ने दोनों बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ की और गलत हरकत करने का प्रयास किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गंगोलीहाट पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी जितेन्द्र प्रसाद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 74, 75 तथा 7/8 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया।
थानाध्यक्ष गंगोलीहाट कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की। विवेचक महिला उपनिरीक्षक रजनी आर्या द्वारा सजगता दिखाते हुए अभियुक्त जितेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है तथा उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
