पिथौरागढ़
टेलीग्राम इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 18.96 लाख की ठगी का खुलासा
पिथौरागढ़ एसओजी व पुलिस टीम ने हल्द्वानी से दबोचा अभियुक्त
पिथौरागढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का सफल खुलासा करते हुए टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर लगभग 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 21 दिसम्बर 2025 को थाना जाजरदेवल में एक व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गई कि उसने टेलीग्राम पर एक ऐसी निवेश योजना देखी, जिसमें कम समय में धनराशि को दोगुना से अधिक करने का दावा किया जा रहा था। अधिक लाभ के लालच में आकर उसने बिना सत्यापन किए विभिन्न किस्तों में कुल 18,96,866 रुपये उक्त स्कीम में निवेश कर दिए। बाद में जब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस चुका है, तब तक उसके लाखों रुपये ठगे जा चुके थे।
प्रकरण के आधार पर थाना जाजरदेवल में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 318(4), 61(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आशीष रावत द्वारा की जा रही है।
विवेचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान योगेश उत्तम पांचाल, निवासी ग्राम पैदा गुला बड़ा धुला, थाना झुक्कल, तेलंगाना के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने सूझबूझ, सतर्कता और प्रभावी रणनीति का परिचय देते हुए उसे हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम
निरीक्षक श्री रविन्द्र यादव – एसएचओ, थाना अस्कोट
कांस्टेबल गोविन्द्र रौतेला – एसओजी
कास्टेबल ध्रुव सिंह
सर्विलांस टीम- अ0उ0नि0 हेम चन्द्र, का0 कमल तुरेला
