चम्पावत। चम्पावत जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार 11 अगस्त को करीब 3:05 बजे तहसील चम्पावत अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम चम्पावत के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दोपहर 3:09 बजे हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि कार संख्या यूके 05 टीए 5045 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों, पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने नरेन्द्र राम (32 वर्ष), पुत्र हेम राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, जिला पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में हरी राम (60 वर्ष), पुत्र दानी राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, पिथौरागढ़, रोहित कुमार (26 वर्ष), पुत्र जगदीश राम, तथा जमन राम (63 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण राम घायल हुए हैं। रोहित कुमार वाहन चालक बताया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, घायलों को 108 सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय चम्पावत में भर्ती कराया गया। हरी राम के सिर में चोट लगने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हुईं और राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से घटना एवं रेस्क्यू की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीम की तत्परता की सराहना भी की।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह एवं अमित मिश्रा तथा होमगार्ड के दीपक, कमल कुमार एवं नीरज सिंह सहित पुलिस, राजस्व विभाग एवं स्थानीय ग्रामीण नीलाधर भट्ट, मोहन भट्ट, भुवन जोशी, पूर्णनंद जोशी, मोहन चन्द्र जोशी, सूरज जोशी, मोहित जोशी, नवीन भट्ट, जोगा दत्त भट्ट (धौन), हिमांशु जोशी, राजेन्द्र सिंह, रमेश अधिकारी, मनोज जोशी, बलदेव भट्ट आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिलाधिकारी ने रेस्क्यू अभियान में कार्यरत सभी कार्मिकों की सराहना की। रुक्मिनी जोशी, जानकी देवी आदि महिलाओं ने झाड़ी काटकर आने जाने लायक रास्ता बनाने में मदद की।
