पिथौरागढ़
06 किलोग्राम बासी मिठाई मौके पर नष्ट कर खाद्य कारोबारियों को दी गई चेतावनी
जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत गुरुवार को उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा एवं सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा आर.के. शर्मा के नेतृत्व में पिथौरागढ़ नगर के विभिन्न बाजारों में मिठाई, रेस्टोरेंट एवं किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु गुलाब जामुन, सोन पापड़ी, मिल्क केक एवं मैदा के कुल चार नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला, देहरादून को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले नमूनों से संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान 06 किलोग्राम बासी मिठाई पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का ही विक्रय करने, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, बासी मिठाइयों का विक्रय न करने तथा एक्सपायरी खाद्य एवं पेय पदार्थों को उपभोक्ताओं को किसी भी दशा में विक्रय न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक्सपायरी उत्पादों को पृथक रूप से संग्रहित कर संबंधित कंपनी को वापस करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाई निर्माण में कार्यरत कार्मिकों द्वारा हेयर नेट का प्रयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत कठोर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आर के शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
