पिथौरागढ़।
शासन के निर्देशों के क्रम में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जनपद पिथौरागढ़ में न्याय पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्य ने बताया कि न्याय पंचायत भुवनेश्वर, विकासखंड बेरीनाग के राजकीय ग्राम सेवा केंद्र भुवनेश्वर, न्याय पंचायत दुर्लेख, विकासखंड डीडीहाट के पंचायत घर दुर्लेख, न्याय पंचायत रिठायत, विकासखंड गंगोलीहाट के रामलीला मैदान खीरमांडे तथा न्याय पंचायत देवल, विकासखंड कनालीछीना के पंचायत घर देवल में शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सदस्यों तथा रेखीय विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति में लोगों को सुशासन सेवा संवाद एवं सेवा की कहानी कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की नीतियों, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। भाषण एवं वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पहुंचाना तथा आमजन के साथ संवाद स्थापित करना है।