पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की देख रेख में आज ग्राम बडौली, तहसील पिथौरागढ़ में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं भी फसल की कटाई की । फसल कटाई के उपरांत फसल उत्पादन का मापन किया गया तथा इस संबंध में रिपोर्ट ऑनलाइन संबंधित पोर्टल पर अपलोड की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न फसलों का क्रॉप कटिंग का प्रयोग राजस्व विभाग एवं कृषि संख्यिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है। इन क्रॉप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के ऑकड़ों का प्रयोग उत्पादन का अनुमान लगाने, उत्पादकता की गणना करने एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत बीमा दावों का भुगतान किये जाने में होता है। इन ऑकड़ो से कृषकों के लिये नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में सरकार एवं अन्य संम्बन्धित संगठनों को सहायता मिलती है।

क्राप कटिंग प्रयोग के अन्तर्गत चयनित 2 खेतों में 5X6=30 वर्ग मीटर एवं 10×3=30 वर्ग मीटर के प्रयोगात्मक 02 प्लाट बनाये गये। इन प्लाटों में धान के पौधों को काटकर मढाई उपरान्त अनाज प्राप्त किया गया जो क्रमशः प्रथम प्लाट में 7.3 किग्रा एवं द्वितीय प्लाट में 5.2 किग्रा तोला गया।

जिलाधिकारी ने इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं किसानों से संवाद कर विभागीय योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस दौरान तहसीलदार विजय गोस्वामी, सांख्यिकी अधिकारी सुशीला चौहान सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।