पिथौरागढ़।
भारतीय सेना के वयोवृद्ध पूर्व सैनिक कै. होशियार सिंह भंडारी का 93 वर्ष की आयु में रुद्रपुर में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर के कल जनपद पिथौरागढ़ पहुंचने पर पूर्व सैनिक संगठन की ओर से ऐचोली के निकट धमोड़ में उन्हें तिरंगा अर्पित कर पुष्पचक्र चढ़ाते हुए सैन्य सम्मान के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कै. होशियार सिंह भंडारी वर्ष 1950 में भारतीय सेना में भर्ती हुए और वर्ष 1984 में 34 वर्षों की गौरवपूर्ण सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने अपने सेवाकाल का अधिकांश समय ईएमई कोर में रहते हुए देश की सेवा में समर्पित किया। अपने लंबे सैन्य कार्यकाल के दौरान उन्होंने 1962,1965 एवं 1971 के युद्धों में भी भाग लिया। वर्ष 1971 के युद्ध में उन्हें सात गोलियां लगीं, लेकिन अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उन्होंने देश सेवा का दायित्व निभाया।
पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि कै. होशियार सिंह भंडारी जैसे वीर सैनिक केवल एक परिवार की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे जनपद और सैन्य समुदाय की अमूल्य विरासत होते हैं। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्र सेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा रहेगा। उनके दोनों पुत्रों का भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होना इस परिवार की सैन्य परंपरा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
संगठन ने कहा कि आज हमने अपने बीच से एक ऐसे वीर योद्धा को खोया है, जिसने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 34 वर्ष देश की सीमाओं और सेना की सेवा में समर्पित किए। ऐसे वीरों को सम्मान देना और उनके अंतिम सफर में उनके साथ खड़ा होना पूरे सैन्य समुदाय का दायित्व है।
घाट क्षेत्र में सड़क अवरोध पर पूर्व सैनिक संगठन में आक्रोश
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक संगठन ने घाट क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सड़क अवरोध की समस्या को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।
संगठन ने बताया कि कै. होशियार सिंह भंडारी के पार्थिव शरीर को जनपद तक पहुंचने में घंटों का इंतजार करना पड़ा। घाट क्षेत्र में सड़क बाधित होने के कारण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे पूर्व सैनिकों, परिजनों एवं अन्य लोगों को भी सुबह से दोपहर तक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
संगठन का कहना है कि यह समस्या केवल एक दिन या किसी एक परिवार की परेशानी नहीं है। घाट क्षेत्र में पिछले लंबे समय से सड़क बाधित होने की स्थिति आम यात्रियों, मरीजों, बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों तथा शवों को ले जाने वाले परिवारों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। विशेष रूप से जब जनपद से गंभीर स्वास्थ्य परिस्थितियों में मरीजों,पूर्व सैनिकों को बाहर रेफर किया जाता है, तब इस प्रकार की सड़क बाधाएं अत्यंत चिंताजनक हो जाती हैं।
पूर्व सैनिक संगठन ने संबंधित एनएच प्राधिकरण एवं जिम्मेदार विभागों से सड़क व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु करने तथा बार-बार उत्पन्न हो रही इस समस्या का ठोस समाधान करने की मांग की है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि जनता को लगातार हो रही इस परेशानी को अब अनदेखा नहीं किया जा सकता। यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पूर्व सैनिक संगठन जनहित से जुड़े इस विषय को लेकर आंदोलन एवं धरने का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।
पूर्व सैनिक संगठन के सु में घनश्याम जोशी साहब द्वारा पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत कै. होशियार सिंह भंडारी को नमन करते हुए कहा कि
“ऐसे वीर योद्धा किसी एक परिवार के नहीं, पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका जाना सैन्य समुदाय और जनपद पिथौरागढ़ के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
कल उनके पार्थिव शरीर को उनके बड़े पुत्र कै नरेंद्र सिंह भंडारी (अ प्रा) तथा सु में खीम सिंह (अ प्रा)द्वारा मुखाग्नि दी गई।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ सलाहकार गिरधर खनका, रमेश सिंह,दयाल सिंह,देवेंद्र दिगारी,हयात सिंह, सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।