चंपावत। चंपावत जिले के सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर बारातियों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमे सवार 16 में से 14 की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल चालक तथा एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा दिया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक की हालत गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।

मृतकों की सूची –
1 – लक्ष्मण सिंह पुत्र ध्यान सिंह उम्र 61 वर्ष निवासी ककनाई,
2 – केदार सिंह पुत्र दान सिंह आयु 62 वर्ष निवासी ककनई,
3 – ईश्वर सिंह पुत्र फतेह सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी ककनई
4 – उमेद सिंह पुत्र गणेश सिंह उम्र 48 निवासी ककनई
5 – हयात सिंह पुत्र दीवान सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी ककनई
6 – पुनी देवी पत्नी नारायण सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी हल्द्वानी
7 – भगवती देवी पत्नी होशियार सिंह उम्र 45 वर्ष
8 – पुष्पा देवी पत्नी शेर सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी ककनई
9 – बसंती देवी पत्नी नारायण दत्त भट्ट उम्र 35 वर्ष निवासी चंपावत
10 – श्यामलाल पुत्र धनीराम उम्र 50 वर्ष निवासी डांडा
11 – विजय लाल पुत्र ईश्वरी राम उम्र 48 वर्ष निवासी डांडा
12 – हीरा सिंह पुत्र उमेश सिंह आयु 15 वर्ष निवासी डांडा
13 – देवांशी पुत्री बसंती देवी उम्र 4 वर्ष निवासी चंपावत
14 – नीलावती पत्नी कुंवर सिंह उम्र 58 वर्ष निवासी चोरगलिया
घायलों की सूची –
1 – वाहन चालक प्रकाश राम पुत्र हरीश राम उम्र 28 वर्ष निवासी साल, पाटी
2 – त्रिलोक राम पुत्र टीका राम उम्र 42 निवासी ककनाई।