पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के वड्डा में एक गोदाम का ताला तोड़ रहे दो लोगों को गोदाम स्वामी ने रंगे हाथ पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया। गोदाम स्वामी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

वड्डा निवासी सलमान ने जाजरदेवल पुलिस को सौंपी तहरीर दी कि वह अपने साथी सौरव अंसारी के साथ गुरुद्वारा वड्डा सड़क पर स्थित पाइप लाइन से संबधित गोदाम पर गए तो देखा कि दो लड़के लोहे की रॉड से सलमान के गोदाम का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने दोनों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दिलीप कुमार(19) निवासी सिन्याखोला बगीचा धारचूला बताया जिसके हाथ में ताला तोड़ने के लिए लोहे की एक नुकीली रॉड मिली। दूसरे युवक ने अपना नाम रोशन कुमार(19) निवासी बनगाबगड़ अंचल बैतड़ी नेपाल बताया। गोदाम स्वामी ने दोनों को पकड़कर वड्डा पुलिस चौकी को सौंपा। तहरीर के आधार पर हेड कांस्टेबल जगत सिंह रौंकली और पुलिस टीम ने दोनों के खिलाफ थाना जाजरदेवल में धारा 379/511 में मुकदमा पंजीकृत किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।