पिथौरागढ़। वर्तमान मौसम पूर्वानुमान विश्लेषण के अनुसार उत्तराखंड में 07 अप्रैल से 12 अप्रैल 2022 तक निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तरों में उत्तर-पश्चिमी / पश्चिमी शुष्क हवाएं चल रही हैं। इन मौसम संबंधी स्थितियों के प्रभाव में इस अवधि के दौरान उत्तराखंड में अधिकांश दिनों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस शुष्क मौसम की स्थिति के कारण, 09 से 12 अप्रैल, 2022 तक तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, साथ ही उत्तराखंड में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाएगा। नतीजतन, अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में 38-40 डिग्री सेल्सियस और उत्तराखंड के पहाड़ियों (लगभग 2000 मीटर) पर 28-30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। केवीके पिथौरागढ़ के मौसम विशेषज्ञ डॉ.चेतन भट्ट का कहना है कि उच्च तापमान के कारण फसलों और सब्जियों को गर्मी से झुलसने की आशंका है। इसलिए जहां भी आवश्यकता हो वहां फसलों में सिंचाई करनी चाहिए। परिपक्व फसल को जंगल की आग से बचाना जरूरी है। फसल को जल्द से जल्द काट लें और ठंडे और सूखे स्थानों में स्टोर करें तो अच्छा रहेगा। इसके अलावा पशुओं को पर्याप्त मात्रा में पानी देकर निर्जलीकरण से पशुओं की रक्षा करनी भी जरूरी होगी। उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण वनों में आग लगने की घटनाओं में भी बढ़ोत्तरी होगी।