पिथौरागढ़। घुरड़ का एक शावक आबादी तक पहुंच गया, जिसे कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। माना जा रहा है कि जंगल में लगी आग से बचने के प्रयास में यह शावक गांव में आ गया होगा।
बृहस्पतिवार को घुरड़ का एक शावक भटक कर पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के निकटवर्ती कासनी क्षेत्र में पहुंच गया। इस दौरान कुत्तों के झुंड ने शावक को काट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों की नजर जब घुरड़ के शावक पर पड़ी तो उन्होंने उसे कुत्तों से बचाने के बाद वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल शावक को पशु अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। डीएफओ कोको रोसे ने बताया कि घायल शावक का उपचार किया जा रहा है। उपचार करने के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि जंगल में लगी आग से बचने के प्रयास में यह शावक गांव में आ गया होगा। हालाकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शावक अपनी मां से बिछड़ कर भटकने के कारण आबादी में पहुंच गया होगा।