पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के थल के पमतोड़ी में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में सास दो बहुओं सहित चार महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा झपकी आने के कारण हुआ।
मूल निवास पुनीगांव निवासी पूर्व शिक्षक चंदन सिंह का परिवार वर्तमान में हल्द्वानी में रहता है। रविवार को पूर्व शिक्षक चंदन सिंह बसेड़ा (61) अपने पैतृक गांव साता में पूजा कर अपने परिवार के साथ अपनी वेगनार कार यूके 02A 6409 से बागेश्वर की ओर जा रहे थे। थल से 9 किमी दूर पमतोड़ी के पास दोपहर 1 बजे अनियंत्रित होकर सड़क से कार 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। चंदन सिंह कार से छिटक गए उन्होंने सड़क में आकर बाइक से जा रहे नाचनी के युवकों को हादसे की जानकारी दी। इस दुर्घटना में चंदन सिंह बसेड़ा की पत्नी तुलसी देवी(53),चंदन सिंह बसेड़ा के छोटे भाई गोविंद सिंह बसेड़ा की पत्नी आशा बसेड़ा (50) और उनकी साली तारा देवी(50) पत्नी बलवंत सिंह निवासी मंडल सेरा की दर्दनाक मौत हो गई। चंदन सिंह बसेड़ा की माता देवकी देवी पत्नी धन सिंह बसेड़ा (90),कार चला रहे चंदन सिंह बसेड़ा,छोटा भाई गोविंद सिंह बसेड़ा (57) घायल हो गए। देवकी देवी को 108 सेवा
से तथा अन्य दो घायलों को थल के सामाजिक कार्यकर्ता सुनील सत्याल अपने निजी वाहन से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोचर लाए जहां उपचार के दौरान उनकी माता देवकी देवी ने भी दम तोड़ दिया।घायल दोनों भाईयों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रैफर कर दिया हैं। घटना की सूचना मिलते ही थल थाना की पुलिस के साथ एसएसबी डीडीहाट,एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद खाई से तीनों शवों को निकल कर सड़क में लाया गया। इस हादसे से परिजन गहरे सदमे में हैं।