पिथौरागढ़। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पुस्तक प्रदर्शनी शुरू हो गई है। पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत और जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने किया। सभी अतिथियों को एनबीटी की पुस्तकें भेंट की गईं। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने हर साल इस तरह की प्रदर्शनी लगाए जाने का अनुरोध किया।
पुस्तक प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ.आशीष चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तकें मानसिक विकास में सहायक हैं। पुस्तकें मनुष्य जीवन के लिए औषधि का कार्य करती हैं। इस प्रदर्शनी के लिए उन्हेेंने न्यास का आभार जताया और कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होने चाहिए ताकि पिथौरागढ़ की जनता लाभांवित हो सके। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय से आए छात्रों से भी संवाद किया और पुस्तकों की भूमिका से अवगत कराया।
प्रदर्शनी में परमवीर चक्र से सम्मानित सेनानियों पर आधारित पुस्तकों के विशेष संकलन के साथ-साथ नई श्रृंखला इंडिया@ 75 भी प्रदर्शित की जाएगी जो पाठकों को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्षों से परिचित कराती है। इसके अलावा सभी आयु के पाठकों के लिए भी पुस्तकें मौजूद होंगी।
नेशनल बुक ट्रस्ट के आशीष ने बताया कि प्रदर्शनी 17 से 23 जून तक आयोजित प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10बजे से शाम छह बजे तक लगेगी। पुस्तकों की खरीद पर पुस्तक प्रेमियों को 10 प्रतिशत और संस्थानों को25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भारतीय सीमा पर तैनात रक्षा बल के जवानों और कर्मचारियों के लिए भी विशेष छूट रहेगी।