पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के चैंसर गांव के गधेरे में जलाई गई महिला की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान चंडाक के छेड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय आनंदी देवी के रूप में हुई है। मृतका की मां सुनीता देवी ने जमाई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गुरुवार की सुबह चैंसर गांव के निकट गधेरे में एक महिला का अधजला शव मिला था। शव से धुआं उठ रहा था। रियासी निवासी सुनीता देवी ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की शिनाख्त अपनी बेटी आनंदी पत्नी किशन कुमार निवासी छेड़ा चंडाक के रूप में की। सुनीता देवी ने अपने जमाई पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पिथौरागढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को सौंपी तहरीर में मृतका की मां ने कहा है कि उनकी बेटी का विवाह पांच वर्ष पूर्व छेड़ा निवासी किशन कुमार के साथ हुआ। उनकी तीन साल की एक बेटी भी है। उनका आरोप है कि किशन कुमार शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी बेटी का उत्पीड़न करता था। उत्पीड़न के कारण उनकी बेटी पिछले तीन माह से उनके साथ रियासी गांव में मायके में रह रही ‌थी। 20 जुलाई को उनका जमाई रियासी आया और जबरन उनकी बेटी और नातिन को लेकर गया। जब उन्होंने रोकना चाहा तो शाम को वापस भेजने की बात कही। जब उनकी बेटी वापस नहीं आई तो उनके फोन करने पर किशन कुमार ने कल शाम को ही उसे वापस भेजने की बात कही और ढूंढखोज करने की बात कहने लगा। सुनीता देवी की तहरीर पर पिथौरागढ़ कोतवाली पुलिस ने किशन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ की जा रही है महिला की हत्या का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।