नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीत गई हैं। मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला मुर्मू 25 जुलाई को वह राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी।
द्रौपदी मुर्मू को क्रॉस वोटिंग के जरिए 104 विधायकों और 17 सांसदों का समर्थन मिला।16 राज्यों में 104 विधायकों ने क्रॉस वोट कर द्रौपदी मुर्मू को वोट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा मुझे पूरा भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी। द्रोपदी मुर्मू के चुनाव जीतने के बाद देश भर में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी मनाई।

