पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के सीमांत धारचूला बाजार में पहाड़ी से विशालकाय बोल्डर गिरने से दो मंजिला मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इसके आसपास के कुछ अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। मकानों के सदस्यों को पहले ही अन्यत्र शिफ्ट कर लेने से जनहानि टल गई अलबत्ता मकानों के ध्वस्त होने से लाखों की क्षति का अनुमान है।

शुक्रवार की सुबह मूसलाधार बारिश से धारचूला के एलधार के पास भूस्खलन हो गया था। इस दौरान पहाड़ी से गिरा विशालकाय बोल्डर मल्ली बाजार के ठीक ऊपर सड़क किनारे अटक गया था। प्रशासन ने बोल्डर से खतरे को देखते हुए 14 परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया था। देर शाम को सड़क किनारे अटका विशालकाय पत्थर मल्ली बाजार में ओपी वर्मा के दोमंजिला मकान पर गिर गया। बोल्डर मकान पर गिरने से पूरे बाजार में  अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सेना की कुमाऊं स्काउट के लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज गैरोला, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहन चंद्रा, एसडीएम नंदन कुमार, कोतवाल केएस रावत जवानों के साथ मौके पर पहुंचे।इधर एलधार में जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है वहां पर और अधिक मलबा जमा हो गया है। इससे और अधिक खतरा पैदा हो गया है। कुटियाल खेड़ा में भी खतरे को देखते हुए कुछ परिवार दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस भी सतर्कता बनाए हुए हैं।

You missed