देहरादून। पिथौरागढ़ के नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नैनीसैनी से हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ के नैनीसैनी हवाई पट्टी से नियमित उड़ान शुरू कराना उनकी प्राथमिकता में है। सब कुछ ठीक रहा तो चार माह के भीतर नियमित उड़ान शुरू हो जाएगी। इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए मुख्य सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।पिथौरागढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष राजेन्द्र रावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश देवलाल और जिला मंत्री राजेश शर्मा ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ की हवाई सेवा सहित तमाम समस्याओं को रखा। कहा कि पिथौरागढ़ में हवाई पट्टी होने के बाद भी नियमित हवाई सेवा नहीं होने से पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। जल बिजली परियोजना और देश की सुरक्षा के लिए भी इस दिशा में सोचा जाना चाहिए। बेस अस्पताल, मेडिकल कॉलेज व इंजीनियरिंग कॉलेज के संबंध में भी बातचीत की।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ की यह सभी समस्या उनके संज्ञान में है। इसके लिए मुख्य सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इस संबंध में सेवा संचालित करने वाली कंपनी से वार्ता कर रहे है। सरकार का प्रयास है कि पिथौरागढ़ के लिए चार महीने के भीतर महानगरों के साथ-साथ देश की राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से नियमित सेवा शुरू कर दी जाए।नगर पालिकाध्यक्ष श्री रावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश देवलाल व जिला मंत्री राजेश शर्मा ने भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से भी मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।