पिथौरागढ़।गंगोलीहाट के झड़कोठेरा गांव में तेंदुए ने खेत में काम कर रही महिला पर हमला कर घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी गंगोलीहाट लाया गया है।
रविवार देर शाम तहसील मुख्यालय से तीन किमी दूर झड़कोठेरा गांव में कमला देवी (32) पत्नी दान स‌िंह घर के समीप खेतों में गई थी। इस दौरान घात लगाए तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए का सामना किया। शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला। तेंदुए के पंजों से महिला की कमर सहित अन्य हिस्सों में जख्म बने हैं। ग्रामीण महिला को उपचार के‌ लिए सीएचसी लाए। इस घटना के बाद से क्षेत्र में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ही गश्त करने की मांग की है।