भीमताल। भीमताल विकासखण्ड में तेंदुए ने एक और महिला को मार डाला। तेंदुए द्वारा दो दिन के भीतर दो महिलाओं को मार डालने की घटना के बाद अब स्थानीय जनप्रतिनिधि नाराज हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख डाॅ. हरीश सिंह बिष्ट ने आदमखोर तेंदुए को तत्काल मारने के आदेश जारी करने की मांग उठाई है।मिली जानकारी के अनुसार भीमताल ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिनरो निवासी पुष्पा देवी पत्नी भोला दत्त घर के पास ही खेत में चारा काट रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने घास काट रही दूसरी महिला को घायल कर दिया। वहां मौजूद लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। दो दिन पहले ही भीमताल ब्लॉक के ग्राम पंचायत मलुवाताल के तोक कसैला में तेंदुए द्वारा इंद्रा देवी पत्नी मोहन चन्द्र बेलवाल पर हमला कर मार डाला था। इन दो घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में तेंदुए का भय है। लोगों का कहना है कि विभाग ने गुलदार को मारने के आदेश नहीं दिए तो मजबूर होकर पूरे ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों व ग्रामिणों के साथ वन विभाग व प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश सिंह बिष्ट ने नरभक्षी आदमखोर गुलदार घोषित कर इसे तत्काल जिलाधिकारी से मारने के आदेश जारी करवाने की मांग की है।