पिथौरागढ़। शुक्रवार को पिथौरागढ़ में कांग्रेस का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कार्यकर्ताओं से आगामी लोक सभा चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। शुक्रवार को जिला स्तरीय सम्मेलन में पिथौरागढ़ पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष अंजू लुंठी, महिला जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि अब भाजपा सांसद से पिछले दस साल का जवाब मांगने का वख्त आ गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य में बेरोजगारी, महंगाई के कारण युवा और आम आदमी परेशान है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को खत्म को किया जा रहा है। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि भाजपा के शासन में आम जनता त्रस्त है। युवा वर्ग नौकरियां नहीं मिलने से परेशान है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल ने कहा कि महंगाई पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। बिजली के दाम लगातार बढ़ाने से जनता पर बोझ डाला जा रहा है। पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर और धारचूला विधायक हरीश धामी ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है वहां सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल है। उन्होंने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत और चंचल बोरा के संचालन में आयोजित सम्मेलन में कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, रेवती जोशी, डीडीहाट जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, मनोज ओझा, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र लुंठी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, भुवन पांडे, दीपक लुंठी, खजान गुड्डू, प्रदीप पाल, पिथौरागढ़ प्रभारी भगीरथ भट्ट, युकां राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर, शमशेर महर, राम सिंह, पूर्व प्रमुख प्रशांत भंडारी, सुरेश जोशी, खीमराज जोशी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।