पिथौरागढ़। इंडिया गठबंधन ने लोकसभा सांसदों के निलंबन से नाराज पिथौरागढ़ के गांधी चौक में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने सांसदों का निलंबन शीघ्र वापस नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

शुक्रवार को इंडिया गठबंधन में शामिल संगठनों के कार्यकर्ता पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र सिंह लुंठी के नेतृत्व में गांधी चौक में एकत्र हुए। इस अवसर पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को समाप्त कर रही है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कहा कि मोदी सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के सभी उपक्रमों को बेचने का काम कर रही है। कहा कि सेना भर्ती में अग्निवीर योजना लाकर युवाओं के साथ धोखा किया है।इसके खिलाफ इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान भाकपा माले नेता गोविंद कफलिया ने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा।

प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन जोशी, बिण ब्लाक अध्यक्ष राकेश कुमार, दीपक बेलाल, दिगंबर सिंह, बलदेव राज, हरीश कुमार, सुरेश तिवारी, हरीश बोरा, नैन सिंह, पूरन लाल वर्मा, मोहन चौधरी, रहीम कुरेशी, भूरे मियां, अरविंद सक्सेना, शेर राम, दीपक पंवार , होशियार सिंह लुंठी सहित कई लोग मौजूद रहे।