पिथौरागढ़। चार दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले सैनिक पंकज सिंह कन्याल का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व सैनिक संगठन, सेना के अधिकारियों सहित क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि पंकज सिंह कन्याल जम्मू कश्मीर में तैनात थे। चार दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान टॉवर से गिरकर उनकी मृत्यु हो गई थी। उनके पा​र्थिव शरीर को सोमवार की देर शाम उनके विण पवन विहार कालोनी ​स्थित आवास में लाया गया। पा​र्थिव शरीर के यहां पहुंचते ही परिजन बिलख पड़े। मृतक जवान की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्हें बिलखते देख अन्य लोगों की भी आंखें नम हो गईं। इस दौरान पूरा वातावरण गमगीन हो गया।
मंगलवार की सुबह पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मेजर ललित सिंह ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके जवान की अंतिम यात्रा निकाली गई। मुवानी ​स्थित रामगंगा घाट में सेना के अधिकारियों के अलावा सांसद अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ पंकज सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। पंकज के बड़े भाई मोहित कन्याल और चचेरे भाई पूरन कन्याल ने मुखा​ग्नि दी। सेना की जीआर की टुकड़ी द्वारा उन्हें अंतिम सलामी दी गई।

पूर्व सैनिक संगठन द्वारा जवान के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष मयूख भट्ट सहित बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।