पिथौरागढ़। राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे मेधावी और जरूरतमंद 30 बच्चों को इस वर्ष एक लाख पचास हजार रुपये की लक्ष्य छात्रवृत्ति दी गई है। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज कुम्डार के 20 बच्चों को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति अमेरिका से पोर्टलैंड पहाड़ी ग्रुप ने प्रदान की है। इसके अलावा अमेरिका के टेक्सास में इंजीनियर राकेश परवाल ने दो बच्चों को 10 हजार रुपये की लक्ष्य छात्रवृत्ति दी है। विद्यालय के भौतिक विज्ञान के शिक्षक दिनेश चंद्र भट्ट 2019 से इस छात्रवृत्ति को देश- विदेश में कार्यरत अपने सहपाठी मित्रों के सहयोग से संचालित कर रहे हैं। उन्होंने अपने विद्यालय के अलावा दूसरे सरकारी विद्यालयों के जरूरतमंद बच्चों को इस छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया। इस वर्ष 30 बच्चों को यह छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई गई है। राइका कुम्डार के 22 तथा राइका कमलेश्वर, राइका गौड़ीहाट, राबाइंका पिथौरागढ़, केएनयू राइका पिथौरागढ़ के 2 – 2 बच्चों को छात्रवृति के पांच-पांच हजार रुपये उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं। पोर्टलैंड में रहने वाले आप्रवासी भारतीयों के पोर्टलैंड पहाड़ी ग्रुप के सदस्यों शिखा मिश्रा, पल्लवी पांडेय, मेघना पंत, अनुसूया नेगी, निहारिका जीना, सुनीता शाह, सुप्रिया कन्याल, सारिका उप्रेती, तनूजा मलकानी, सोनिका असवाल ने 20 बच्चों को एक लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की है। इसके अतिरिक्त एरीज की वैज्ञानिक डॉ. कुंतल मिश्रा, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद भट्ट, पुणे से पुनीत शर्मा सहित अन्य ने आठ बच्चों को यह छात्रवृत्ति प्रदान की है। बच्चों को छात्रवृत्ति मिलने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, अभिभावकों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी का आभार जताया है।