पिथौरागढ़। ड्यूटी के दौरान फिसलकर गिरने से मृत हवलदार महेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय स्थित उनके आवास पर पहुंचा।  पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के बाद उनका हंसेश्वर घाट में सैन्य सम्मान ‌के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

कनालीछीना विकासखंड के गैनाली गांव निवासी महेंद्र सिंह 54 बंगाल इंजीनियर जम्मू उधमपुर में तैनात थे। तीन दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान पैर फिसलने के कारण उनका निधन हो गया था। हादसे के चौथे दिन शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व सैनिक संगठन के मयूख भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बाद में हंसेश्वर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। महेंद्र के असामयिक निधन से पत्नी मीना धामी, पिता भीम सिंह धामी और माता पुष्पा धामी सहित दो बहनें गहरे सदमे में हैं।