
पिथौरागढ़। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ आज नगर निगम प्रांगण से जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष जगदीश प्रसाद, जिले की पहली महिला मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस एस नबियाल ने बताया कि यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।अभियान के प्रथम दिन नगर निगम सभागार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों—ईएनटी, बाल विशेषज्ञ, फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की गई।इस अवसर पर आवश्यक रक्त जांच के सैम्पल लिए गए तथा मानसिक स्वास्थ्य, दिव्यांग प्रमाणपत्र, दंत रोग और अन्य बीमारियों की भी निशुल्क जांच की गई। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।इस मौके पर माननीय प्रधानमंत्री जी का राष्ट्र के नाम सम्बोधन रामलीला मैदान में लाइव टेलीकास्ट किया गया। प्रधानमंत्री जी ने सेवा, समर्पण और जनकल्याण को केंद्र में रखकर सभी देशवासियों से स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोग की अपील की। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री का ध्यानपूर्वक सुना और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके संदेश का स्वागत किया। शिविर के दौरान जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने स्वयं मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और मौके पर समाधान हेतु निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर जनता को सीधे लाभ पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। शिविर में कुल 500 से अधिक लोगों ने अपना इलाज़ कराया। कुल 252 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण करवाया जिसमे से 26 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल दस निक्षय मित्र भी बनाये गए

