पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के दूरस्थ एवं दुर्गम वनराजी बहुल क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उल्लेखनीय कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग, पिथौरागढ़ को भारत सरकार के जनजाति कार्य मंत्रालय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग पिथौरागढ़ द्वारा वनराजी समुदाय के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, पोषण परामर्श, टीवी जाँच सामान्य एवं मौसमी रोगों की जांच तथा निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। इन प्रयासों से वनराजी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुदृढ़ हुई है तथा समुदाय के स्वास्थ्य स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
जनजाति कार्य मंत्रालय के अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग पिथौरागढ़ द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों में इस प्रकार की समर्पित सेवाएं अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय हैं।
प्रशस्ति पत्र प्राप्त होने पर स्वास्थ्य विभाग पिथौरागढ़ के अधिकारियों ने जनजाति कार्य मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी वनराजी समुदाय सहित जनपद के समस्त क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
