पिथौरागढ़। नगर निगम पिथौरागढ़ में अब तक स्थायी नगर आयुक्त की नियुक्ति न होने से निगम का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसे लेकर नगर निगम के समस्त पार्षदों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र स्थायी नगर आयुक्त की तैनाती की मांग की है।पार्षद सुशील खत्री ने बताया कि नगर निगम बने लगभग एक वर्ष होने जा रहा है, लेकिन अभी तक स्थायी नगर आयुक्त का पद रिक्त है। इसके चलते विकास कार्यों, प्रशासनिक निर्णयों और जनसमस्याओं के निस्तारण में लगातार देरी हो रही है, जिसका सीधा असर निगम के 40 वार्डों और आम जनता पर पड़ रहा है।पार्षद त्रिलोक महर ने कहा कि नगर निगम कार्यालय में कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण कार्यालयी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं जनहित से जुड़े कार्यों के निस्तारण में भी परेशानी आ रही है।पार्षदों ने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए नगर आयुक्त सहित अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की है, ताकि नगर निगम का कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही नियुक्ति से संबंधित जानकारी संगठन को उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद पवन पाटनी, अनिल वर्मा, राहुल लुंठी, पुष्पा उप्रेती, अनिल जोशी, रविन्द्र सिंह बिष्ट, कृष्णा वर्मा, कमलेश जोशी, हंसी प्रकाश, सौरव भंडारी, भूपेंद्र कठायत, नीरज कोठारी, रवि मेहता, अंशु नागी व डेरिक शामिल रहे।
