पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धारचूला क्षेत्र में हुए हत्या के मामले का सफल अनावरण कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 11 मई 2026 को GRIF के चालक विजय सिंह तथा चालक चंद्रवीर सिंह, वुरथीग क्षेत्र में बॉर्डर रोड निर्माण कार्य हेतु पोकलैंड मशीन को हाइड्रा के माध्यम से ले जा रहे थे। इसी दौरान सोबला क्षेत्र के पास पहाड़ी से पत्थर एवं मलवा आने के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई। मलवा हटाने के लिए पोकलैंड मशीन को नीचे उतारते समय मशीन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना को लेकर दोनों चालकों के बीच कहासुनी हो गई, जिस पर चालक विजय सिंह ने डैशबोर्ड पर रखे सब्जी काटने वाले चाकू से चंद्रवीर सिंह के पेट पर वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल चंद्रवीर सिंह को तत्काल उपचार हेतु उप जिला चिकित्सालय धारचूला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया।घटना के संबंध में ओआईसी राम किशोर मीणा की तहरीर के आधार पर कोतवाली धारचूला में आरोपी विजय सिंह के विरुद्ध धारा 118(1) BNS के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। बाद में परिजन घायल चंद्रवीर सिंह को बेहतर उपचार हेतु आगरा ले गए, जहां उपचार के दौरान दिनांक 13 मई 2026 की रात्रि में उसकी मृत्यु हो गई।

इसके उपरांत मुकदमे में धारा 103(1) BNS की बढ़ोतरी की गई।कोतवाली धारचूला पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए दिनांक 15 मई 2026 को रात्रि 00:20 बजे पिथौरागढ़ क्षेत्र से आरोपी विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त को आज माननीय न्यायालय डीडीहाट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।