पिथौरागढ़। महाकर्म फाउंडेशन ट्रस्ट व विज्ञान भारती दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आठगांव शिलिंग/कुमलगांव में आध्यात्मिक सामाजिक ग्रामीण विकास प्रकल्प का तृतीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
राजकीय इंटर कालेज आठगांव शिलिंग पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के लिए क्विज व दौड़ तथा महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिक्षाविद् एवं पूर्व प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र पाण्डेय द्वारा विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विज्ञान भारती दिल्ली के महासचिव रोशन अग्रवाल ने अपने पैतृक गांव में डा.डी पी भट्ट की ओर से शुरू की गई मुहिम की सराहना की। इस कार्यक्रम में डा. भट्ट ने अपनी मातृभूमि व कर्मभूमि की 45 वर्षों की संघर्षपूर्ण यात्रा पर प्रकाश डाला। पिथौरागढ़ के मुख्य शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र सक्सेना की उपस्थिति में  डा. डी पी भट्ट ने प्रतियोगिता के विजेता रहे यशस्वी जोशी, प्रियांशु भट्ट  व तनिष्क बिष्ट को पुरस्कृत किया। चार बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार के साथ विज्ञान भारती की पुस्तकें प्रदान की गई।
इसी तरह 100 मी. दौड़ प्रतियोगिता में शामिल छात्रों में कमल सिंह खैनाल, अंकित जोशी व आशीष जोशी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार मेडल के साथ दिया गया। छात्राओं में क्रमशः कृतिका खैनाल, मानसी कुमारी व कोमल को भी प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ मेडल दिया गया। प्रोत्साहन राशि के रूप में उक्त विजयी बच्चों को मिलाकर 5100 रु. प्रदान की गई। साथ में उत्तराखंड नैनीताल के नाई गांव के युवा चंदन‌ नयाल को जंगलों में  जल संरक्षण हेतु 2000 से अधिक चाल, खाल, खंतिया निर्माण व 50000 पौधारोपण के उत्कृष्ट सतत उत्कृष्ट कार्य के लिए  महाकर्म युवा पुरस्कार 2022 से प्रशस्ति-पत्र, मेडल व 5000 रु. की प्रोत्साहन राशि से नवाजा गया। उन्होंने बताया गया कि रायल कमीशन सऊदी अरब के भौतिक विज्ञानी डॉ. विनय कुमार ने सह प्रायोजक के तौर पर इस फंक्शन में मेरिट-प्रोत्साहन कार्यों के लिए यह धनराशि प्रदान की है।
डा. भट्ट ने बताया कि भविष्य में गरीब जरूरतमंद छात्रों की पहचान कर उन्हें महाकर्मा फाउंडेशन की तरफ से छात्रवृति और फीस दी जाएगी।डॉ.भट्ट ने वीरेंद्र सिंह बिष्ट को उनके पिता भगवान सिंह बिष्ट के जीवन पर्यन्त नेकी सामाजिक कृत्यों व उनके परिवार के साथ भागवत संबंधों की पृष्ठभूमि के तहत कुंती – नीमा महाकर्म उद्यमी पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया व 10000/-रु.की प्रोत्साहन राशि भेंट की।मुख्य शिक्षा अधिकारी ने महाकर्मा फाउंडेशन के स्वग्राम्य विकास प्रकल्पों की सराहना की व युवा पीढ़ी को सीख की प्रेरणा दी। इस कार्यक्रम में स्थानीय कई विद्यालयों से 50 विद्यार्थियों के साथ मनीष भट्ट, नवीन भट्ट,  शिक्षक मनमोहन धामी, डा. विकास पंत, श्रीमती जयमाला, विनोद भट्ट और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक व ग्रामीणों ने भाग लिया।