पिथौरागढ़/कनालीछीना। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कनालीछीना और पिथौरागढ़ में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कनालीछीना में मतदाताओं से कमल के निशान वाला बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी बिशन सिंह चुफाल और पिथौरागढ़ में चंद्रा पंत को विजयी बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी हेलीकाप्टर से पहले कनालीछीना पहुंचे। यहां पर उन्होंने बिशन सिंह चुफाल के पक्ष में वोट देने का आह्वान करते हुए सरकार के अब तक के विकास कार्य गिनाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ध्वज मंदिर को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने ग्रिफ से निकाले गए मजदूरों को भी फिर से नियुक्त करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सांसद अजय टम्टा, विरेंद्र वाल्दिया, सुनीता कन्याल, महिमन कन्याल, हरीश कोहली, हरेंद्र चुफाल, बबीता, योगेश चंद, रमेश पांडेय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद पिथौरागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में चुनावी सभा को कुमाऊंनी भाषा में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विधायक चंद्रा पंत ने अपने कार्यकाल में पूरी ईमानदारी से विधानसभा के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जो कार्य रुके हैं वह अगले कार्यकाल में पूरे होंगे। इसके लिए जनता का समर्थन चाहिए। कहा कि वह विधायक चंद्रा पंत और अपने लिए वोट मांगने यहां आए हैं। जनता से चंद्रा पंत के पक्ष में मतदान कर उन्हें फिर से विजयी बनाने की अपील की।  विधायक चंद्रा पंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने पति के सपनों को पूरा करने के ल‌िए राजनीति में आई हैं। उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील की। सभा को सांसद अजय टम्टा, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र स‌िंह रावत ने भी संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान से लेकर सिल्थाम तक रोड शो किया। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे थे।