पिथौरागढ़।

सड़क, पेयजल एवं जनउपयोगी भवनों की क्षति का प्राथमिकता से हो पुनर्निर्माण एवं मरम्मत।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर डीडीहाट का किया शुभारंभ।

कैबिनेट मंत्री पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना, उत्तराखंड सरकार श्री मदन कौशिक ने आज पिथौरागढ़ में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सहित पंचायतीराज तथा आयुष विभाग की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पिथौरागढ़ जिले में पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री कौशिक ने कहा कि पिथौरागढ़ आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जिला है, इसलिए सभी विभाग टीम भावना के साथ पूरी संवेदनशीलता से कार्य करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए तथा आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आपदा अथवा अन्य कारणों से सड़कों एवं पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने पर उनकी मरम्मत का कार्य त्वरित गति से कराया जाए, ताकि आमजन को अधिक समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन मामलों में विस्थापन की कार्रवाई लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

मंत्री ने कहा कि विद्यालयों, पंचायत घरों तथा अन्य जनोपयोगी राजकीय भवनों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में उनकी मरम्मत एवं आवश्यक पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास आर्थिक संसाधनों की कमी नहीं है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे तथा प्रशासन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करते हुए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

सभी पंचायत भवनों की स्थिति बेहतर रखने के निर्देश

पंचायतीराज विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री कौशिक ने निर्देश दिए कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन अच्छी अवस्था में रहें और उनका नियमित रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां भूमि चयन की कार्रवाई प्राथमिकता से करते हुए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पंचायतों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।

सभी आयुष आरोग्य मंदिर नियमित रूप से संचालित हों

आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि जिले के सभी आयुष आरोग्य मंदिर नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि आयुष केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) आयुष्मान आरोग्य मंदिर डीडीहाट का उद्घाटन भी किया।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध मानव संसाधन, भवन, उपकरण, दवाइयों एवं अन्य संसाधनों का सुप्रबंधित एवं अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री के सामने कतिपय समस्याएं भी रखी, जिनका संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने संबंधित आधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, अध्यक्ष जिला पंचायत जितेंद्र प्रसाद, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक पिथौरागढ़ चंद्र पंत, जिलाधिकारी आशीष भटगांई , अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।