पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के गौड़ीहाट गांव की एक महिला ने जंगल में पेड़ से लटककर जान दे दी। फंदे पर लटकने से पहले महिला ने मोबाइल पर जारी एक आडियो में गांव की कुछ महिलाओं पर उसका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।  उसके मरने के बाद बेटियों को जेठ-जेठानी को सौंपने की गुहार लगाई है।
मल्ली गौड़ीहाट निवासी नवीन सिंह धारियाल की पत्नी ज्योति धारियाल(32 वर्ष) रविवार सुबह गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी लाने जंगल गई थीं। दिन में अन्य महिलाएं घरों को लौट आई, लेकिन ज्योति घर नहीं लौटी। उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने जब ढूंढ खोज शुरु की तो उसका शव बिरखम के समीप पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद झूलाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के मायके पक्ष के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका का एक आडियो जारी हुआ है जिसमें वह कुछ महिलाओं पर उसका उत्पीड़न करने का आरोप लगा रही है। साथ ही वह रोते हुए अपनी बेटियों को जेठ-जेठानी को सौंपने की भी गुहार लगा रही है। मृतका का मायका चमाली गांव में है और उसका नवीन सिंह के साथ 12 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।