पिथौरागढ़। रविवार को जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और अतिरिक्त बेड बढ़ाने के लिए जारी की गई 3.5 करोड़ की धनराशि से किए जाने वाले भवन निर्माण कार्य के संबंध में अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की।
काफी समय से पिथौरागढ़ महिला चिकित्सालय कम बेड होने की वजह से तमाम परेशानियों से जूझ रहा है। दूर दूर से महिलाएं अपने इलाज के लिए महिला चिकित्सालय आती हैं। बेड की कमी होने के कारण उनको भर्ती करने में बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि कई बार एक ही बेड में दो दो महिलाओं को भी एडमिट करना पड़ता है। बरामदे में भी बेड लगाए गए हैं। समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने खनन न्यास से 3.5 करोड़ अवमुक्त किये हैं। जिससे महिला चिकित्सालय में ही अति‌‌रिक्त बेड के लिए एक भवन बनाया जाना प्रस्तावित है। जिसमें नई ओटी और लगभग 50 से ज्यादा बेड बढ़ाये जाएंगे। रविवार को जिलाधिकारी के द्वारा उसका डिज़ाइन भी संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ फाइनल किया गया और जल्द ही इसका टेंडर निकालकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। महिला अस्पताल की डॉक्टर्स और अस्पताल में भर्ती मरीजों ने जिलाधिकारी की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा है कि इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को सुविधा मिलेगी।