पिथौरागढ़ 07 अप्रैल। जिला रेडक्रॉस प्रबंध समिति की बैठक जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिसमें रेडक्रॉस सोसायटी में अधिक से अधिक लोगों को जोडने एवं रेडक्रॉस के लिए संशाधन जुटाने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस समिति पीड़ित मानवता की सेवा में निरंतर प्रयासरत हैं और रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने रेडक्रॉस कार्यकारिणी के सदस्यों से रेडक्रॉस के लिए धन जुटाने की ओर प्रयास करने की बात कही। कहा कि गांव क्षेत्रों में सस्ता गल्ला विक्रेता, ग्राम प्रधानों व सभी लोकल ठेकेदारों को सोसायटी का आजीवन सदस्य बनाया जाए। इसके अलावा डीएम कोर्ट में अवैध खनन व अन्य मामलों में जिन लोगों के केस चल रहे है उनको भी सदस्य बनाया जाए। जिलाधिकारी ने सोसायटी के व्यय को कम करने पर जोर देते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी कार्यालय के लेखा कार्यो हेतु स्वास्थ्य विभाग, वन स्टाप सेंटर के कार्मिकों को काम में लिया जा सकता है। इससे रेडक्रॉस के अनावश्यक खर्चों को कम किया जा सकता है। बलुवाकोट में स्थित रेडक्रास भूमि के बदले जिला मुख्यालय में रेडक्रॉस को भूमि उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि एसडीएम के माध्यम से शीघ्र भूमि चिन्हित की जाए। कहा कि रेडक्रॉस भवन निर्माण के लिए खनन न्यास निधि से धनराशि दी जाएगी। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 41.12 लाख धनराशि अवशेष है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडो में ब्लड डोनेशन कैम्प लगाए जाने है, जिस हेतु प्रत्येक शिविर के लिए 3500 का व्यय संभावित है। इस दौरान उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा संचालित कार्यो की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष/सीएमओ हीरा सिंह हयांकी, अवैतनिक सचिव हेमंत कुमार मर्तोलिया, सभापति महेश चन्द्र पंत, सचिव भगवान सिंह, उपाध्यक्ष इन्द्र सिंह लुन्ठी, सदस्य सरोज जोशी, देवराज सिंह कन्याल आदि उपस्थित थे।

