बेरीनाग। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों ने नगर पंचायत और ईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बवाल होता देख तहसीलदार और थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने शुक्रवार को बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है।

गुरुवार को नगर पंचायत के ईओ ने छापेमारी की। सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में व्यापारी बस स्टेशन में जुट गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार दिनेश कुटौला और थानाध्यक्ष हेम चन्द्र तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान तहसीलदार दिनेश कुटौला और थानाध्यक्ष हेम तिवारी व्यापारियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन व्यापारियों ने ईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस मौके पर व्यापार संघ महासचिव हरीश बाफिला. उपाध्यक्ष कमल खाती, कमलेश पंत, दीपक धानिक, जीएल शाह,ललित बाफिला, राजू धानिक, राजू कठायत. इन्द्र धानिक. विनोद पाठक सहित आदि मौजूद थे।  व्यापार संघ ने शुक्रवार को बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है। इधर तहसीलदार दिनेश कुटौला ने बताया चालान के दौरान कुछ व्यापारियों के द्वारा विरोध जताया था। जिन्हें बाद में समझा दिया गया था। व्यापारियों के साथ बैठक की जायेगी।