पिथौरागढ़। आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इस बार स्वतंत्रता दिवस पर चीन और नेपाल सीमा से सटे गांवों में भी घर- घर तिरंगा लहराएगा। पिथौरागढ़ जनपद के 10500 फीट की ऊंचाई पर स्थित गुंजी में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान देश भर में उत्साह पूर्वक मनाया जा रहा है। जगह जगह पर तिरंगा रैलियां निकाली जा रही हैं। शहर ही नहीं सीमावर्ती गांवों में भी लोगों को स्वतंत्रता दिवस का बेसब्री से इंतजार है। इस बार उत्तराखंड के चीन सीमा से लगे गांवों में भी घर घर तिरंगा फहराया जाएगा।
गढ़वाल मंडल में आने वाले माणा गांव सहित कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ के व्यास घाटी के 7 गांवों और दारमा घाटी के 14 गांवों में घर घर तिरंगा लहराएगा। व्यास घाटी के गुंजी में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए तैयारी पूरी कर दी है।43.50 लाख की धनराशि से ग्रामीण निर्माण विभाग ने झंडा स्थल तैयार कर लिया है। सीमावर्ती क्षेत्र में 100 फीट ऊंचा यह तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।